आरोपी बिना जमानत डिस्चार्ज अर्जी दाखिल कर सकता है – इलाहाबाद हाई कोर्ट
इलाहाबाद हाई कोर्ट की लखनऊ खंडपीठ ने स्पष्ट किया है कि किसी आपराधिक मामले में आरोपित को आरोपमुक्ति (डिस्चार्ज) की अर्जी दाखिल करने के लिए पहले जमानत लेना अनिवार्य नहीं है। आरोपी बिना जमानत प्राप्त किए भी ट्रायल कोर्ट में डिस्चार्ज अर्जी दाखिल कर सकता है। इसके साथ ही, पर्याप्त आधार प्रस्तुत कर व्यक्तिगत पेशी से छूट की मांग भी की जा सकती है।
न्यायमूर्ति श्री प्रकाश सिंह ने पंकज चौहान की याचिका पर यह व्यवस्था दी। याचिका में महाराजगंज की विशेष पॉक्सो अदालत द्वारा 28 फरवरी को पारित समन आदेश और सात फरवरी की आरोपपत्र संबंधी कार्रवाई को चुनौती दी गई थी।
मामले में आरोपित पर नाबालिग से दुष्कर्म समेत पॉक्सो अधिनियम के तहत आरोप लगाए गए हैं। सुनवाई के दौरान उसकी ओर से पीड़िता के बयानों में विरोधाभास और पीड़िता की उम्र से जुड़े पहलुओं की विवेचना में कथित अनदेखी का मुद्दा उठाया गया।
बाद में आरोपित के अधिवक्ता ने ट्रायल कोर्ट में डिस्चार्ज अर्जी दाखिल करने की स्वतंत्रता देने का अनुरोध किया। राज्य सरकार ने इसका विरोध करते हुए दलील दी कि जमानत पर रिहा हुए बिना ऐसी अर्जी दाखिल नहीं की जा सकती।
हाई कोर्ट ने इस दलील को स्वीकार नहीं किया। अदालत ने कहा कि जमानत प्राप्त करने से पहले व्यक्तिगत पेशी से छूट देने पर कोई पूर्ण प्रतिबंध नहीं है। बीएनएसएस की धारा 355 के तहत आरोपी पर्याप्त और ठोस आधारों के साथ व्यक्तिगत पेशी से छूट की अर्जी दाखिल कर सकता है।
अदालत ने आरोपी को 15 दिन के भीतर डिस्चार्ज और व्यक्तिगत पेशी से छूट की अर्जी दाखिल करने की स्वतंत्रता दी तथा ट्रायल कोर्ट को इन अर्जियों पर कानून के अनुसार शीघ्र निर्णय लेने का निर्देश दिया।
#इलाहाबादहाईकोर्ट #कानूनीखबर #हाईकोर्टफैसला #डिस्चार्ज #पेंशन #अभियोजनमंजूरी #AllahabadHighCourt #LegalNews #CriminalLaw #CourtJudgment #IndianLaw
