सीजनल संग्रह अमीन की सेवा अवधि पेंशन में जोड़ने के मामले में राज्य की पुनर्विचार याचिका खारिज: इलाहाबाद हाई कोर्ट

Like to Share

इलाहाबाद हाई कोर्ट की लखनऊ खंडपीठ ने सीजनल संग्रह अमीन के रूप में की गई सेवा अवधि को पेंशन की गणना में शामिल करने के मामले में राज्य सरकार की पुनर्विचार याचिका खारिज कर दी है।

न्यायमूर्ति राजेश सिंह चौहान और न्यायमूर्ति श्री प्रकाश सिंह की खंडपीठ ने स्पष्ट किया कि सुप्रीम कोर्ट द्वारा विशेष अनुमति याचिका (एसएलपी) खारिज किए जाने के बाद भी परिस्थितियों के अनुसार हाई कोर्ट में पुनर्विचार याचिका दाखिल की जा सकती है। हालांकि, जिन पक्षकारों के बीच कानून का प्रश्न पहले ही तय हो चुका है, वे उसी मामले में सुप्रीम कोर्ट की टिप्पणी के आधार पर उसे दोबारा नहीं उठा सकते।

मामले में याची यमुना प्रसाद गुप्ता की नियुक्ति पांच जून 1986 को सीजनल संग्रह अमीन के पद पर हुई थी। उनकी सेवाएं 16 जनवरी 2013 को नियमित की गईं और वर्ष 2016 में वह सेवानिवृत्त हो गए।

उन्होंने प्रारंभिक नियुक्ति की तारीख से सेवा अवधि की गणना कर सेवानिवृत्ति लाभ देने की मांग की थी। राज्य लोक सेवा अधिकरण ने उनके पक्ष में आदेश दिया, जिसे हाई कोर्ट ने 30 अगस्त 2022 को बरकरार रखा। इसके बाद राज्य सरकार की एसएलपी भी सुप्रीम कोर्ट ने 14 अगस्त 2023 को खारिज कर दी थी।

राज्य सरकार ने पुनर्विचार याचिका में दलील दी कि वर्ष 2021 के वैधीकरण अधिनियम के तहत नियमों के अनुरूप न होने वाली प्रारंभिक सेवा को पेंशन की गणना में शामिल नहीं किया जा सकता।

Must Read -  बिहार की राजधानी पटना के दानापुर कोर्ट में शूटआउट, पेशी के लिए लाए कैदी की गोली मारकर हत्या

वहीं, कर्मचारी की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता एचजीएस परिहार ने पुनर्विचार याचिका की पोषणीयता पर सवाल उठाया।

हाई कोर्ट ने कहा कि राज्य सरकार ने अधिकरण, हाई कोर्ट और सुप्रीम कोर्ट के समक्ष पहले इस कानूनी आधार को नहीं उठाया था। पुनर्विचार के स्तर पर पहली बार इस प्रावधान का सहारा लेकर पहले से तय मामले को दोबारा नहीं खोला जा सकता।

अदालत ने यह भी उल्लेख किया कि समान परिस्थितियों वाले अन्य कर्मचारियों को पहले ही सीजनल सेवा का लाभ दिया जा चुका है।

खंडपीठ ने स्पष्ट किया कि संबंधित पक्षकारों के बीच इस मामले में कानून का प्रश्न अब दोबारा खुला नहीं है, हालांकि अन्य पक्षकारों के मामलों में इस कानूनी मुद्दे पर विचार किया जा सकता है।

#इलाहाबादहाईकोर्ट #कानूनीखबर #हाईकोर्टफैसला #डिस्चार्ज #पेंशन #अभियोजनमंजूरी #AllahabadHighCourt #LegalNews #CriminalLaw #CourtJudgment #IndianLaw

Leave a Comment