इलाहाबाद हाई कोर्ट ने कहा है कि टेस्ट आइडेंटिफिकेशन परेड (टीआईपी) का उद्देश्य गवाह की पहचान संबंधी क्षमता और स्मृति को परखना है। यह अपने आप में ठोस साक्ष्य नहीं है। यदि अदालत में आरोपी की पहचान विश्वसनीय नहीं है, तो टीआईपी उस कमी की भरपाई नहीं कर सकती।
इस टिप्पणी के साथ न्यायमूर्ति संतोष राय की एकलपीठ ने डकैती और हत्या के मामले में दोषी ठहराए गए रोहताश को संदेह का लाभ देते हुए बरी कर दिया। कोर्ट ने 10 नवंबर 1986 को मुरादाबाद के अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश (पंचम) द्वारा सुनाई गई 10 साल कठोर कारावास और पांच हजार रुपये जुर्माने की सजा रद कर दी। अदालत ने निर्देश दिया कि यदि आरोपी किसी अन्य मामले में वांछित नहीं है तो उसे तत्काल रिहा किया जाए।
मामला 21-22 जून 1985 की रात हसनपुर में हुई डकैती से जुड़ा था। छह-सात डकैतों ने धावा बोलकर सनाउल्ला और महमूद अली की हत्या कर दी थी। अज्ञात आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज हुई। रोहताश को 26 जून 1985 को गिरफ्तार किया गया और 25 जुलाई 1985 को जेल में पहचान परेड कराई गई।
ट्रायल कोर्ट ने उसे आईपीसी की धारा 396 के तहत दोषी ठहराया था। इस फैसले को आपराधिक अपील के माध्यम से हाई कोर्ट में चुनौती दी गई।
अपील पर सुनवाई के दौरान हाई कोर्ट ने पाया कि घटना रात करीब 1:45 बजे हुई थी। गवाहों ने टॉर्च और बिजली के बल्ब की रोशनी में डकैतों को पहचानने का दावा किया, लेकिन टॉर्च बरामद नहीं हुई। साइट प्लान में बिजली के खंभे का भी उल्लेख नहीं था और विवेचक ने रोशनी के स्रोत के संबंध में कोई मेमो तैयार नहीं किया था।
कोर्ट के अनुसार, ऐसे साक्ष्यों के अभाव में यह सुनिश्चित नहीं किया जा सकता कि गवाहों को घटना के दौरान आरोपियों को देखने और पहचानने का पर्याप्त अवसर मिला था।
अदालत ने यह भी पाया कि पुलिस के सामने किया गया कथित कुबूलनामा साक्ष्य के रूप में स्वीकार्य नहीं था। आरोपी से लूट का कोई सामान बरामद नहीं हुआ। देशी पिस्तौल की बरामदगी को बैलिस्टिक जांच के जरिए घटना से नहीं जोड़ा गया और गिरफ्तारी का कोई स्वतंत्र गवाह भी प्रस्तुत नहीं किया गया।
छह-सात आरोपियों में से केवल रोहताश को ट्रायल के लिए लाया गया था। हाई कोर्ट ने कहा कि अपराध की गंभीरता अपने आप किसी व्यक्ति की संलिप्तता साबित नहीं करती। पहचान की विश्वसनीयता, घटना के समय रोशनी की स्थिति, पहचान परेड और बरामदगी से जुड़े साक्ष्यों में कमियों के कारण अभियोजन का मामला संदेह से परे साबित नहीं हुआ। ऐसे में आरोपी संदेह के लाभ का हकदार है।
#इलाहाबादहाईकोर्ट #कानूनीखबर #हाईकोर्टफैसला #डिस्चार्ज #पेंशन #अभियोजनमंजूरी #AllahabadHighCourt #LegalNews #CriminalLaw #CourtJudgment #IndianLaw
