वे केवल पथराव करने वाले नहीं थे और उनकी हरकतों ने लोगों को जलती हुई बोगी से ’59 लोगों’ को बचने से रोक दिया, SC में गोधरा कांड दोषियों की जमानत याचिका का किया विरोध

Like to Share

गुजरात सरकार ने 2002 के गोधरा ट्रेन आगजनी मामले के कुछ दोषियों की जमानत याचिकाओं का उच्चतम न्यायालय में यह कहते हुए विरोध किया कि वे केवल पथराव करने वाले नहीं थे और उनकी हरकतों ने लोगों को जलती हुई बोगी से बचने से रोक दिया।

27 फरवरी, 2002 को गोधरा में साबरमती एक्सप्रेस के एस-6 कोच में आग लगने से 59 लोगों की मौत हो गई थी, जिससे राज्य में दंगे भड़क गए थे।

मुख्य न्यायाधीश डी वाई चंद्रचूड़ और न्यायमूर्ति पीएस नरसिम्हा की खंडपीठ के समक्ष शुक्रवार को यह मामला सुनवाई के लिए आया।

शीर्ष अदालत ने राज्य से दोषियों की व्यक्तिगत भूमिकाओं को निर्दिष्ट करने के लिए कहते हुए कहा कि पथराव के आरोपी लोगों की जमानत याचिका पर विचार किया जा सकता है क्योंकि वे पहले ही 17-18 साल जेल में बिता चुके हैं।

गुजरात राज्य की ओर से पेश सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने कहा कि इन दोषियों ने ट्रेन पर पत्थर फेंके जिससे लोग जलते डिब्बे से बच नहीं पाए। उन्होंने पीठ से कहा, “यह केवल पथराव का मामला नहीं है।” मेहता ने खंडपीठ को बताया कि गुजरात उच्च न्यायालय के अक्टूबर 2017 के फैसले के खिलाफ सर्वोच्च न्यायालय में दोषियों द्वारा दायर अपील, जिसने मामले में उनकी दोषसिद्धि को बरकरार रखा था, को सुनवाई के लिए सूचीबद्ध किया जा सकता है।

उन्होंने बेंच से कहा कि वह इन दोषियों की अलग-अलग भूमिकाओं की जांच करेंगे और बेंच को इससे अवगत कराएंगे। खंडपीठ ने मामले की आगे की सुनवाई 15 दिसंबर को तय की है।

Must Read -  SCBA ने CJI और लॉ मिनिस्टर को लिखा पत्र, कहा- ‘जजों की नियुक्ति के लिए पारदर्शी और मेरिट-आधारित सिस्टम जरूरी’

उच्च न्यायालय ने अक्टूबर 2017 के अपने फैसले में गोधरा ट्रेन जलाने के मामले में 11 दोषियों को दी गई मौत की सजा को उम्रकैद में बदल दिया था। इसने मामले में 20 अन्य दोषियों को दी गई उम्रकैद की सजा को बरकरार रखा था।

11 नवंबर को, शीर्ष अदालत ने दोषियों में से एक को दी गई अंतरिम जमानत की अवधि 31 मार्च, 2023 तक बढ़ा दी थी। यह नोट किया था कि 13 मई को, शीर्ष अदालत ने उसे इस आधार पर छह महीने के लिए अंतरिम जमानत दी थी कि उसका पत्नी अंतिम चरण के कैंसर से पीड़ित थी और उनकी बेटियाँ विकलांग थीं।

अपने 11 नवंबर के आदेश में, पीठ ने कहा था कि मौजूदा स्थिति को ध्यान में रखते हुए, “हम उन्हीं नियमों और शर्तों पर अंतरिम जमानत की अवधि 31 मार्च, 2023 तक बढ़ाते हैं”।