रामपुर जिला पंचायत कार्यालय में दिनदहाड़े गोलीकांड: वरिष्ठ अधिवक्ता फारूक खान की हत्या, पत्नी घायल; वकीलों में उबाल
रामपुर जिला पंचायत कार्यालय में दिनदहाड़े गोलीबारी में वरिष्ठ अधिवक्ता फारूक खान की मौत, उनकी पत्नी घायल। आरोपी बाबू पर विवाद के बाद गोली चलाने का आरोप, वकीलों में आक्रोश।
रामपुर। बुधवार को जिला पंचायत कार्यालय उस समय दहल उठा जब दिनदहाड़े गोलीबारी की घटना में वरिष्ठ अधिवक्ता फारूक खान (उर्फ फारुख अहमद) की मौत हो गई। घटना के बाद अधिवक्ताओं और परिजनों में शोक व आक्रोश का माहौल है।
बताया जा रहा है कि फारूक खान की पत्नी जिला पंचायत कार्यालय में कार्यरत हैं। उनका कार्यालय में तैनात एक बाबू से किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। आरोप है कि इसी विवाद के चलते बाबू ने अधिवक्ता फारूक खान को गोली मार दी। हमले में उनकी पत्नी भी घायल हो गईं। घायल को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
गोली लगने के बाद फारूक खान को तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक विद्या सागर मिश्र जिला अस्पताल पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली। उन्होंने अधिवक्ताओं को आश्वासन दिया कि आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद बड़ी संख्या में अधिवक्ता जिला अस्पताल में एकत्रित हो गए और आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। दिनदहाड़े हुई इस वारदात ने जिला पंचायत परिसर की सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आरोपी की तलाश की जा रही है।
#रामपुर #जिलापंचायत #गोलीकांड #फारूकखान #अधिवक्ताहत्याकांड #Rampur #DistrictPanchayat #Shooting #CrimeNews #Advocate
